बिच्छू गैंग के सरगना गौरव जैन का चकेरी पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस, हाथ जोड़कर बोला- अब नहीं करूंगा अपराध

बिच्छू गैंग के सरगना गौरव जैन का चकेरी पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस, हाथ जोड़कर बोला- अब नहीं करूंगा अपराध

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ हिस्ट्रीशीटर, हत्या के प्रयास समेत 12 गंभीर मुकदमों में था वांछित; तीन किलोमीटर तक भारी पुलिस बल के बीच कराया गया पैदल मार्च

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को चकेरी थाना क्षेत्र में बिच्छू गैंग के सरगना और हिस्ट्रीशीटर गौरव जैन का पैदल जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया। हत्या के प्रयास, रंगदारी और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब एक दर्जन गंभीर मुकदमों में वांछित गौरव जैन को सोमवार रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार को इलाज के बाद उसे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच करीब तीन किलोमीटर तक पैदल घुमाया गया।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के प्रयास के एक मामले में पिछले करीब एक महीने से फरार चल रहा गौरव जैन सोमवार देर रात कांशीराम कॉलोनी से मथुरापुर रोड की ओर जा रहा था। सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के बाद मंगलवार को पुलिस ने उसे लालबंगला और आसपास के उन इलाकों से पैदल लेकर गई, जहां कभी उसका दबदबा और खौफ माना जाता था। पैर में गोली लगने के कारण वह लंगड़ाते हुए पुलिसकर्मियों के साथ चलता दिखाई दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क किनारे और दुकानों के बाहर एकत्र हो गए, जबकि कई लोगों ने अपने घरों की छतों से पूरे घटनाक्रम को देखा।

पैदल जुलूस के दौरान गौरव जैन का बदला हुआ रवैया भी देखने को मिला। जिस इलाके में कभी उसके नाम से लोग सहमते थे, वहीं अब वह हाथ जोड़कर लोगों से अपराध का रास्ता छोड़ने की बात करता नजर आया। पुलिस ने जुलूस के दौरान मुठभेड़ स्थल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का सत्यापन भी कराया।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि गौरव जैन के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट सहित लगभग 12 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क, गैंग के अन्य सदस्यों और सहयोगियों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js