इंदिरा गांधी की प्रतिमा की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

इंदिरा गांधी की प्रतिमा की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। दक्षिण क्षेत्र के किदवई नगर स्थित म्यूजिकल फाउंटेन पार्क में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा और पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा एवं पार्क के शीघ्र सुंदरीकरण की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि देश की पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता इंदिरा गांधी की प्रतिमा लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। पार्क की जर्जर होती व्यवस्था और प्रतिमा के आसपास फैली अव्यवस्था से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी आलोक मिश्रा ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश की एक ऐतिहासिक और प्रभावशाली नेता रही हैं। उनकी प्रतिमा की अनदेखी न केवल उनके सम्मान के खिलाफ है, बल्कि शहर की विरासत और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव पर भी सवाल खड़े करती है। उन्होंने नगर निगम से तत्काल मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कराने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन कर रहे शहर कांग्रेस महासचिव संजीव मिश्रा ने कहा कि इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की उदासीनता के कारण प्रतिमा और पार्क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुंदरीकरण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो नगर निगम मुख्यालय पर व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में ललित मोहन श्रीवास्तव, नौशाद आलम मंसूरी, प्रभात मिश्रा, टिल्लू ठाकुर, विवेक सक्सेना, मुकेश दुबे, शीलू दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js