नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई में बवाल, दबंगों ने टीम का किया विरोध, शिकायतकर्ता से मारपीट
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित कच्ची बस्ती में शुक्रवार को नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जमकर हंगामा हो गया। अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को स्थानीय दबंगों के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि दबंगों ने न केवल अभियान में बाधा डाली बल्कि शिकायतकर्ता के साथ मारपीट भी की। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र निवासी लखन जायसवाल की शिकायत पर नगर निगम की टीम अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध करते हुए नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब आरोपितों ने शिकायतकर्ता लखन जायसवाल की पिटाई कर उसे नाले में फेंक दिया।
घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामा बढ़ता देख नगर निगम कर्मियों ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मारपीट एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोपित कुछ दबंगों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि और नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति सामान्य कर ली गई।




Post a Comment