आस्था और आधुनिकता का संगम बना पनकी धाम स्टेशन, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण

आस्था और आधुनिकता का संगम बना पनकी धाम स्टेशन, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण

 25 करोड़ की लागत से हुआ कायाकल्प, पश्चिमी कानपुर को मिला आधुनिक रेल सुविधाओं का नया केंद्र

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण

फतेहपुर और विंध्याचल रेलवे स्टेशन भी हुए राष्ट्र को समर्पित

लिफ्ट, एस्केलेटर, विशाल प्रतीक्षालय और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ स्टेशन



(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। पश्चिमी कानपुर को शुक्रवार को आधुनिक रेल अवसंरचना की बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद से वर्चुअल माध्यम के जरिए अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित पनकी धाम रेलवे स्टेशन का लोकार्पण कर उसे राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर फतेहपुर और विंध्याचल रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पनकी धाम रेलवे स्टेशन अब आधुनिक यात्री सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला के साथ क्षेत्र की नई पहचान बनकर उभरा है। उल्लेखनीय है कि स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही किया था और अब उनके हाथों इसका लोकार्पण भी संपन्न हुआ। लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं।



स्टेशन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पनकी धाम स्टेशन का पूरी तरह कायाकल्प किया गया है। यहां दो मंजिला आधुनिक स्टेशन भवन, विशाल प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, आधुनिक टिकटिंग एरिया, विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर, अत्याधुनिक शौचालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था और उन्नत यात्री सूचना प्रणाली विकसित की गई है।

यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग 40 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया गया है। वहीं दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए 20 फीट चौड़ा रैंप तैयार किया गया है। स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन अधिक सुगम हो गया है। स्टेशन परिसर के लगभग 4500 वर्गमीटर क्षेत्र को सर्कुलेटिंग एरिया के रूप में विकसित किया गया है। 

यहां अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुव्यवस्थित पार्किंग, हरित क्षेत्र और बाधारहित आवागमन की व्यवस्था की गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन का विकास कानपुर सेंट्रल पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने और पश्चिमी कानपुर के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वर्ष 1981 में स्थापित पनकी धाम रेलवे स्टेशन का महत्व पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। 

वर्तमान में यहां श्रमशक्ति एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस और आगरा इंटरसिटी सहित कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव होता है। रेलवे भविष्य में और अधिक ट्रेनों के ठहराव की संभावनाओं पर भी विचार कर रहा है। प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पण के साथ ही पनकी धाम रेलवे स्टेशन अब केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि पश्चिमी कानपुर की नई पहचान, आधुनिक रेल सुविधाओं का केंद्र और क्षेत्रीय विकास के नए प्रतीक के रूप में स्थापित हो गया है। लोकार्पण समारोह में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

👇🏻👇🏻

पनकी धाम स्टेशन एक नजर में

 लागत लगभग 25 करोड़

 योजना : अमृत भारत स्टेशन योजना

 स्थापना वर्ष : 1981

आधुनिक दो मंजिला स्टेशन भवन

40 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज

20 फीट चौड़ा दिव्यांग अनुकूल रैंप

लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा

4500 वर्गमीटर विकसित सर्कुलेटिंग एरिया

आधुनिक प्रतीक्षालय एवं एक्जीक्यूटिव लाउंज

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js