प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, मंदिर दर्शन के बहाने जंगल ले जाकर कराया कत्ल

प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, मंदिर दर्शन के बहाने जंगल ले जाकर कराया कत्ल

(Today crime news)

चित्तूर (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने मंदिर दर्शन का बहाना बनाकर पति को सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में ले गई और पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी व उसके साथियों को इशारा कर हत्या की वारदात को अंजाम दिलाया। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस के मुताबिक शांतिपुरम मंडल के बोयिनपल्ली गांव निवासी हसिनी (19) की शादी वर्ष 2024 में तमिलनाडु के शूलागिरी निवासी रमेश (23) से हुई थी। दंपति की एक वर्ष की बेटी भी है। जांच में सामने आया है कि हसिनी का विवाह से पहले से ही अपने पैतृक क्षेत्र के युवक युगंधर (20) से प्रेम संबंध था। आरोप है कि विवाह के बाद भी दोनों के बीच संबंध जारी रहे और पति को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची गई।

 मंदिर यात्रा बनी मौत का सफर

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को हसिनी ने पति रमेश को गुडुपल्ले मंडल स्थित श्री मल्लेश्वर स्वामी मंदिर चलने के लिए राजी किया। दोनों अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ मोटरसाइकिल से मंदिर के लिए निकले। रास्ते में हसिनी लगातार अपने प्रेमी युगंधर के संपर्क में रही और उसे लाइव लोकेशन भेजती रही, जिससे वह उनकी गतिविधियों पर नजर रख सके।

जांच में सामने आया कि पहाड़ी मार्ग के तीसरे हेयरपिन मोड़ पर हसिनी ने जानबूझकर अपना हैंडबैग नीचे गिरा दिया। बैग उठाने के लिए जैसे ही रमेश मोटरसाइकिल से उतरा, पहले से घात लगाए बैठे युगंधर और उसके साथी सक्रिय हो गए।

100 मीटर तक पीछा, फिर बेरहमी से हत्या

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रमेश का करीब 100 मीटर तक पीछा किया और फिर जंगल की ओर घसीट ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उस पर कई बार चाकू से हमला किया गया। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गया तो उसके सिर पर बड़ा पत्थर पटककर हत्या कर दी गई।

बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान दंपति की एक वर्षीय बेटी भी घटनास्थल के आसपास मौजूद थी। हत्या के बाद आरोपी रमेश की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए और बच्ची को भी अपने साथ ले गए।

कॉल डिटेल और लोकेशन बने अहम सबूत

चित्तूर पुलिस ने हसिनी, युगंधर और अन्य सहयोगियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और साक्ष्य मिटाने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच में मोबाइल फोन की लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान महत्वपूर्ण सबूत के रूप में सामने आए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंदिर जाने की योजना सुनियोजित थी, क्योंकि पहाड़ी और जंगल वाला क्षेत्र अपेक्षाकृत सुनसान रहता है। जांच एजेंसियां फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल डेटा के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही हैं। आरोपियों की तलाश जारी है।

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड से हो रही तुलना

चित्तूर की इस वारदात की तुलना हाल ही में चर्चित पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड से की जा रही है। उस मामले में भी मंगेतर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था। दोनों मामलों में प्रेम संबंधों के चलते जीवनसाथी को रास्ते से हटाने की कथित साजिश और इशारे के जरिए हमले की योजना चर्चा का विषय बनी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js