कानपुर सेंट्रल पर 34 किलो गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, 40 लाख की खेप बरामद

कानपुर सेंट्रल पर 34 किलो गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, 40 लाख की खेप बरामद

दिल्ली ले जाने की थी तैयारी, 14 वर्षीय किशोरी भी मिली साथ; GRP और RPF की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता

(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये से अधिक कीमत का 34 किलो 490 ग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथ मिली 14 वर्षीय किशोरी को संरक्षण में लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया है। जीआरपी के अनुसार मंगलवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित पार्सल लोडिंग एरिया के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध महिला को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो ट्रॉली बैग में रखा 34.490 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने बताया कि वह गांजा भुवनेश्वर से दिल्ली ले जाने की तैयारी में थी और ट्रेन का इंतजार कर रही थी। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला के साथ लगभग 14 वर्षीय एक किशोरी भी मिली। महिला किशोरी के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद महिला पुलिस ने किशोरी से अलग पूछताछ की और उसके परिजनों की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित किया। नियमानुसार किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि रेलवे मार्ग से संचालित मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js