रसोई पर महंगाई का प्रहार, LPG सिलेंडर फिर महंगा, विपक्ष बोला- जनता की जेब पर डाका
(Today crime news)
नई दिल्ली। देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच आम उपभोक्ताओं को एक और बड़ा झटका लगा है। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर ₹942 हो गई है। पिछले तीन महीनों के भीतर यह दूसरी बड़ी वृद्धि है। इससे पहले मार्च में भी घरेलू सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए गए थे।
रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों के बीच एलपीजी महंगी होने से मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग की चिंताएं और बढ़ गई हैं। सरकार की ओर से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव को इस वृद्धि का प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
उधर, गैस सिलेंडर के दाम बढ़ते ही राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे बड़ा बोझ आम जनता पर डाला जा रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को भी पार्टी ने प्रमुखता से साझा किया है, जबकि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के इस दौर में उपभोक्ताओं पर लगातार बढ़ता आर्थिक बोझ चिंता का विषय है।
वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है।
आम आदमी पार्टी ने गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को जनता की जेब पर सीधा हमला बताते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। वहीं पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि लगातार बढ़ती महंगाई से जूझ रही आम जनता को राहत कब मिलेगी। रसोई गैस, ईंधन और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने करोड़ों परिवारों की आर्थिक चिंताओं को और गहरा कर दिया है।





Post a Comment