परीक्षा केंद्र बना हादसे का केंद्र: धंसी स्लैब, नाले में गिरे छात्र और खुल गई जिम्मेदारों की पोल

परीक्षा केंद्र बना हादसे का केंद्र: धंसी स्लैब, नाले में गिरे छात्र और खुल गई जिम्मेदारों की पोल

हाथ में एडमिट कार्ड, पैरों तले धंसी जमीन, बीएड परीक्षा से पहले नाले में गिरे दर्जनों छात्र

(Today crime news)

Kanpur। बीएड प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे दर्जनों परीक्षार्थियों के लिए शनिवार की सुबह उस वक्त खौफ और अफरा-तफरी में बदल गई, जब मकराबटगंज स्थित एचएन मिश्रा कॉलेज के बाहर सड़क किनारे बना नाला अचानक धंस गया। कुछ ही सेकेंड में करीब 20 से 25 परीक्षार्थी गंदे पानी से भरे नाले में जा गिरे। परीक्षा का तनाव झेल रहे छात्रों के सामने अचानक ऐसा मंजर आया कि मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

सुबह 8:00 बजे आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पहुंच रहे थे। कॉलेज के पास स्थित फोटो कॉपी की दुकानों पर प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेजों की प्रतियां निकलवाई जा रही थीं। इसी दौरान सड़क किनारे बना जर्जर नाला और उसकी स्लैब अचानक जवाब दे गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते कई छात्र सीधे नाले के भीतर समा गए।

हादसे में छात्रों के प्रवेश पत्र, किताबें, बैग और कपड़े गंदे पानी में खराब हो गए, जबकि कुछ छात्राओं के सिर और शरीर पर चोटें भी आईं। नाले में गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और अन्य परीक्षार्थियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद छात्रों को बाहर निकाला।


गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन यह घटना कई गंभीर सवाल छोड़ गई। आखिर हजारों छात्रों की आवाजाही वाले परीक्षा केंद्र के आसपास जर्जर ढांचे और खस्ताहाल रास्तों की सुध किसे लेनी थी? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे थे?

घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि परीक्षा देने पहुंचे छात्रों को सुविधा और सुरक्षा देने के बजाय सिस्टम ने उन्हें अव्यवस्था और लापरवाही के नाले में धकेल दिया।

परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले छात्रों के सपने, तैयारी और हौसले गंदे नाले में गिरते नजर आए, जबकि जिम्मेदार विभागों की संवेदनहीनता एक बार फिर सवालों के घेरे में खड़ी दिखाई दी।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js