केडीए का बड़ा एक्शन, 48 बीघा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

केडीए का बड़ा एक्शन, 48 बीघा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

मथुरापुर योजना के पीछे चला बुलडोजर, 53 बीघा क्षेत्र में नोटिस जारी




(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन-4 क्षेत्र में लगभग 48 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। केडीए की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग कारोबारियों में हड़कंप मच गया। उपाध्यक्ष अंकुर कौषिक एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने सकरापुर नर्वल स्थित मथुरापुर योजना के पीछे आराजी संख्या-109, 122 व अन्य भूखंडों पर कार्रवाई की। यहां बिना मानचित्र स्वीकृति और प्राधिकरण की अनुमति के बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। प्रवर्तन टीम ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट, सीवर लाइन तथा कई निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक विशाल, लल्लू व अन्य लोगों द्वारा करीब 48 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। केडीए ने इसके साथ ही लगभग 53 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अन्य अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित कर नोटिस जारी किए हैं। इनमें मौजा रमईपुर में लगभग 18 बीघा तथा इंदिरा नगर फेज-1, उरियारा के निकट करीब 35 बीघा भूमि शामिल है। दोनों मामलों में स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित स्थलों पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, सुपरवाइजर मनोज कुमार, संदीप यादव, आबिद अहमद, प्रमोद कुमार, अजय चौरसिया, शिवकुमार सहित संबंधित थाने का पुलिस बल मौजूद रहा। विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्लॉट या भूमि की खरीद से पहले केडीए से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js