सेंट्रल स्टेशन में सिग्नल केबल चोरी का प्रयास नाकाम, युवक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश कानपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट कानपुर सेंट्रल ने सतर्कता दिखाते हुए रेलवे संपत्ति चोरी के एक मामले का खुलासा कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 मीटर सिग्नल केबल बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 हजार रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल प्रयागराज के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक एस.एन. पाटीदार के नेतृत्व में आरपीएफ टीम 23 मार्च 2026 को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सहायक उप निरीक्षक राजेश सिंह एवं सी.पी. सिंह हमराह स्टाफ के साथ कानपुर सेंट्रल के ईस्ट यार्ड स्थित पानी टंकी के पास आर.एच. के पीछे पहुंचे। यहां एक संदिग्ध युवक भारी बोरी लेकर जाता दिखाई दिया। आरपीएफ टीम ने युवक को रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। संदेह होने पर उसकी बोरी की तलाशी ली गई, जिसमें 6 कोर की लगभग 10 मीटर सिग्नल विभाग की केबल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने उक्त केबल को रेलवे परिसर से चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अयान पुत्र इस्माइल (उम्र करीब 19 वर्ष), निवासी खपरा मोहाल, थाना रेल बाजार, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है। आरपीएफ ने आरोपी को पोस्ट लाकर रेल संपत्ति की चोरी के मामले में आर.पी. (यू.पी.) एक्ट की धारा 03 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।


Post a Comment