सुरंग बंदी पर जनदबाव का असर: सुतरखाना–स्टेशन पैदल सुरंग जल्द खुलने की उम्मीद
उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते सुतरखाना से कानपुर सेंट्रल स्टेशन जाने वाली प्राचीन पैदल सुरंग कई दिनों से बंद होने के कारण आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सबसे अधिक दिक्कत दिव्यांगजनों, बुज़ुर्गों, महिलाओं और रोज़ पैदल आवागमन करने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही थी। यात्रियों को लंबा चक्कर लगाकर स्टेशन पहुँचना पड़ रहा था, जिससे समय और श्रम दोनों बढ़ गए थे। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप किया। विधायक के निर्देश पर पार्षद रजत बाजपेई के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर पैदल यात्रियों की समस्याओं को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे के सीटीएम आशुतोष सिंह से वार्ता की, जिसमें बताया गया कि सुरंग बंद होने से यात्रियों की आवाजाही बाधित होने के साथ-साथ आपात स्थितियों में भी जोखिम बढ़ गया है। जनहित को प्राथमिकता देते हुए सीटीएम ने मांग स्वीकार करते हुए पैदल यात्रियों के लिए सुरंग को एक-दो दिनों के भीतर खोलने का आश्वासन दिया है। पार्षद रजत बाजपेई ने बताया कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने त्वरित निर्णय लिया है, जिससे आमजन को जल्द राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण आवश्यक है, लेकिन जनता की सुविधाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।


Post a Comment