मोतीझील में प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में हंगामा, संतलाल हाता के लोगों ने घेरा मंच

मोतीझील में प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में हंगामा, संतलाल हाता के लोगों ने घेरा मंच

महापौर पुत्र पर बस्ती खाली कराने और मॉल बनाने के गंभीर आरोप

Today crime news 

उत्तर प्रदेश कानपुर। रविवार को मोतीझील स्थित सरस मेले में आयोजित कार्यक्रम उस समय हंगामेदार हो गया, जब वार्ड संख्या–37 के संतलाल हाता क्षेत्र के सैकड़ों लोग हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने महापौर प्रमिला पांडेय के बेटे बंटी पर बस्ती खाली कराने और कब्जा करने के गंभीर आरोप लगाए, जिससे मौके पर तनावपूर्ण हालात बन गए। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि संतलाल हाता शहर की पॉश कॉलोनी के बीच स्थित एक पुरानी बस्ती है, जहां वर्षों से हजारों गरीब परिवार रह रहे हैं। उनका कहना है कि बस्ती की जमीन खरीदकर वहां मॉल बनाने की योजना के तहत दबाव बनाया जा रहा है और लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। महिलाओं ने भावुक होकर आरोप लगाया कि उन्हें खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है। प्रभारी मंत्री से सीधे मुलाकात कर अपनी पीड़ा रखने के इरादे से पहुंचे लोगों को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से पहले ही रोक लिया। भीड़ बढ़ने पर प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। स्थिति को संभालते हुए प्रशासन ने चार प्रतिनिधियों को मंत्री से मिलने की अनुमति दी, जिन्होंने ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बस्ती की बदहाल बुनियादी सुविधाओं को भी उजागर किया। उनका कहना है कि संतलाल हाता में करीब तीन हजार की आबादी है, लेकिन पूरे क्षेत्र में सिर्फ एक सामूहिक शौचालय है। निजी शौचालय न होने के कारण सुबह-शाम महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वार्ड पार्षद पवन गुप्ता ने नगर निगम सदन में शौचालय निर्माण की मांग उठाई, तो उन्हें निलंबित कर दिया गया।

इसके बाद से ही लोगों में आक्रोश है और वे अब अपनी आवाज सीधे प्रभारी मंत्री तक पहुंचाने को मजबूर हुए। हालात की नजाकत को देखते हुए एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार और एडिशनल डीसीपी अर्चना सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शिकायतों की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पूरे इलाके में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा।


0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js