घर के बाहर रंगोली बना रहीं 2 लड़कियों को कार ने कुचला,हालत गंभीर
मध्य प्रदेश इंदौर। घर के बाहर रंगोली बना रही दो लड़कियों को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया है। हादसे के बाद चालक कार से उतर कर फरार हो गया है। हालांकि उसे पुलिस ने दबोच लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी की उम्र केवल 17 साल बताई जा रही है। वहीं इस घटना में दोनों लड़कियां गंभीर रूप से घायल है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र का है। दर्दनाक हादसे का 40 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सड़क के दोनों तरफ कई लड़कियां अपने-अपने घरों के बाहर रंगोली बना रही हैं। तभी सड़क से एक तेज रफ्तार कार गुजरती है। गुलाबी रंग की साड़ी पहने एक महिला कार से बाल-बाल बचती है। तभी बेकाबू कार सड़क किनारे बैठी दो लड़कियों को रौंद देती है। टक्कर की तेज आवाज सीसीटीवी में कैद हो गई। हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच जाती है। इसी दौरान गाड़ी से ड्राइवर उतर कर फरार हो जाता है। डीसीपी विनोद कुमार मीना के जानकारी अनुसार एक तेज रफ्तार कार ने नव्या प्रजापत (14) और प्रियांशी प्रजापत (21) को सोमवार शाम कुचल दिया है। दोनों लड़कियां उस समय घर के बाहर रंगोली बना रही थीं।डीसीपी ने बताया कि घटना के बाद कार से उतारकर फरार हुए चालक को बेटमा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है और कार जब्त किए जाने के बाद उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौसिखिए कार चालक ने अपनी उम्र 17 साल बताई है। हम उसकी उम्र की पुष्टि के लिए जांच कर रहे हैं। वह अपने एक पहचान वाले की कार चला रहा था। डीसीपी ने आगे बताया कि कार से रौंदे जाने के कारण बुरी तरह घायल लड़कियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें में से एक की हालत गंभीर है।
Post a Comment