कमालगंज(फर्रुखाबाद),
जरारी गांव में विचित्र बुखार से तीन लोगों की मौत के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश चंद्रा ने सोमवार को गांव पहुंचकर लोगों से बात की। वह मृतकों के घर भी गए। मौत के कारणों व उससे पहले के लक्षणों की भी जानकारी ली।
ग्रामीणों के साथ बैठक कर बीमारी से बचने के लिए साफ-सफाई रखने, तबीयत खराब होने पर जांच कराने, पीएचसी व सीएचसी या प्रशिक्षित चिकित्सक से ही इलाज कराने के लिए कहा।
गांव जरारी में शनिवार को विचित्र बुखार से तीन लोगों की मौत हो गई थी। गांव में आठ दिन में सात लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सतीश चंद्रा, एसीएमओ डा. राजीव शाक्य, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोमेश अग्निहोत्री ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से बीमारी के लक्षणों के बारे में जानकारी की। घर व आसपास साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। बाद में ग्राम प्रधान हज्जिन अमतुन्नाबानो के पौत्र सपा के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अरशद जमाल सिद्दीकी से भी विचार विमर्श किया।
सपा नेता ने बताया कि 20 हजार की आबादी वाले गांव में तीन सफाई कर्मचारी तैनात हैं। इसमें एक दिव्यांग हैं। दूसरा एक जनप्रतिनिधि का रिशतेदार है। एक सफाई कर्मचारी ही काम पर आता है। ग्राम सभा की ओर से सफाई के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, छिड़काव कराया जा रहा है।
गांव में विशेष सफाई के लिए ब्लाक से पूरी टीम को भेजा जाए। अरशद जमाल सिद्दीकी ने बताया कि सीएमओ ने आश्वासन दिया है कि वह गांव में टीम भेजकर टाइफाइड, मलेरिया, डेंगू व कोरोना की जांच और इलाज कराएंगे।


Post a Comment