श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति: 102 विद्यार्थियों को मिलेंगे एक-एक लाख रुपये, मेरिट सूची से लॉटरी के जरिए हुआ चयन

श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति: 102 विद्यार्थियों को मिलेंगे एक-एक लाख रुपये, मेरिट सूची से लॉटरी के जरिए हुआ चयन

63,736 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीयन, 58,099 ने दी ऑनलाइन प्रतियोगिता, विद्यालय से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक के विद्यार्थी शामिल

(Today crime news)

मध्य प्रदेश भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व, जीवन-दर्शन और उनके आदर्श युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विद्यार्थियों को इन मूल्यों से प्रेरणा लेकर ज्ञान, परिश्रम और समर्पण के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा प्रतिभाएं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

 63 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीयन

श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के माध्यम से संचालित इस योजना के तहत ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन 11 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक किया गया था। न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी के अनुसार, प्रतियोगिता के लिए कुल 63,736 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 58,099 प्रतिभागियों ने प्रश्नपत्र हल किया। प्रतियोगिता की वेबसाइट पर इस दौरान 7,94,700 से अधिक विजिट दर्ज किए गए।

5,514 विद्यार्थियों की मेरिट सूची से चुने गए 102 विजेता

प्रतियोगिता के परिणामों के आधार पर 23 अक्टूबर 2026 को विद्यालय और महाविद्यालय/विश्वविद्यालय वर्ग के प्रतिभागियों की मेरिट सूची तैयार की गई। इसमें सर्वाधिक अंक प्राप्त करने और न्यूनतम समय में प्रश्नपत्र हल करने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार शामिल किया गया। इस प्रक्रिया के तहत कुल 5,514 विद्यार्थियों की मेरिट सूची बनाई गई। इसके बाद इसी सूची से लॉटरी के माध्यम से 102 विजेताओं का चयन किया गया।

चयनित विद्यार्थियों के नाम श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की आधिकारिक वेबसाइट https://shrikrishnapatheynyas.com/ पर अपलोड किए गए हैं। योजना में विद्यालय स्तर से लेकर महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।

खंडवा के सर्वाधिक छह विद्यार्थी चयनित

जिलावार चयन में खंडवा जिले के सर्वाधिक छह विद्यार्थियों को विजेता बनने का अवसर मिला है। अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया जिलों से चार-चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वहीं, बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन से तीन-तीन विद्यार्थी चुने गए हैं। शेष विजेता अन्य जिलों से हैं।

 शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की पहल

श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को आर्थिक प्रोत्साहन देना ही नहीं, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-मूल्यों से परिचित कराना भी है। एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों की प्रतिभा को सम्मानित किया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js