सड़क पर गड्ढे, नालियां चोक और कूड़े का ढेर देख नगर आयुक्त का पारा चढ़ा

सड़क पर गड्ढे, नालियां चोक और कूड़े का ढेर देख नगर आयुक्त का पारा चढ़ा

जोन-6 में औचक निरीक्षण में खुली व्यवस्थाओं की पोल, लापरवाही पर सफाई पर्यवेक्षक को नोटिस और कर्मचारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर को पर्वों से पहले गड्ढामुक्त और साफ-सुथरा बनाने की कवायद के बीच बुधवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के औचक निरीक्षण में नगर निगम की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ गई। कहीं सड़क बदहाल मिली तो कहीं नालियां कूड़े से पटी थीं। कूड़ाघर में कूड़े का ढेर और गलियों में भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। अव्यवस्थाओं पर नगर आयुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

नमक फैक्ट्री चौराहे पर सड़क बदहाल, पीडब्ल्यूडी से तत्काल बात के निर्देश

जोन-6 के नमक फैक्ट्री चौराहे पर सड़क की हालत बेहद खराब मिली। अधिकारियों ने बताया कि सड़क लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व में है। यातायात के भारी दबाव को देखते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता से उसी दिन वार्ता कर सड़क का रेस्टोरेशन तत्काल कराया जाए। नगर निगम अधिकारियों को भी मामले में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

पैचिंग में भी नहीं चलेगी खानापूर्ति

आवास विकास डबल रोड पर पैच मरम्मत का काम मौके पर चल रहा था। नगर आयुक्त ने कार्य का निरीक्षण कर सड़क के दोनों ओर के साथ-साथ साइड पटरी पर भी पैचिंग कराने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय लोगों ने काम पर संतोष जताते हुए सड़क के दूसरे हिस्से में भी मरम्मत की मांग रखी।

नालियां चोक मिलीं तो सफाईकर्मियों पर गिरी गाज

निरीक्षण के दौरान नालियां भरी मिलीं और कूड़ाघर में भारी मात्रा में कूड़ा पड़ा था। आंतरिक गलियों में भी सफाई व्यवस्था खराब मिली। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। सफाई पर्यवेक्षक राकेश को कारण बताओ नोटिस और सफाई कर्मचारी शुभम पत्र बाबूलाल का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। जोनल स्वच्छता अधिकारी को तत्काल सफाई कराने और जियोटैग फोटो उपलब्ध कराने को कहा गया।

सीएम ग्रिड पर अक्टूबर की डेडलाइन, काम में तेजी के आदेश

बगिया क्रासिंग से केसा चौराहे तक सीएम ग्रिड रोड का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने फुटपाथ के स्टांप कंक्रीट कार्य का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मार्ग का काम हर हाल में अक्टूबर तक पूरा होना चाहिए। कार्य में तेजी लाकर युद्धस्तर पर काम कराने और सड़क रेस्टोरेशन जल्द शुरू करने को कहा गया।

सड़क खोदकर जांची गुणवत्ता, मानक सही मिला

गीता नगर में हरी गर्ल्स हॉस्टल से देवकी चौराहे तक जल निगम की ट्रंच लाइन के कार्य की नगर आयुक्त ने मौके पर गुणवत्ता जांची। एक स्थान पर खुदाई कर कार्य की थिकनेस की जांच की गई, जो मानक के अनुरूप मिली। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि काम की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता न हो और समय-समय पर औचक जांच की जाए।

नाली ध्वस्त होने से जलभराव, तीन दिन में समाधान का अल्टीमेटम

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सड़क किनारे जलभराव की शिकायत की। जांच में कूड़ाघर के नीचे जा रही नाली ध्वस्त मिलने से जलनिकासी बाधित होने की बात सामने आई। नगर आयुक्त ने उसी दिन नाली की मरम्मत शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही तीन दिन में जलभराव का स्थायी समाधान नहीं होने पर क्षेत्रीय नागरिकों से स्थिति की जानकारी लेने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मेट्रो की नाला सफाई पर भी नजर, निगम बनाएगा आगे की कार्ययोजना देवकी चौराहे पर मेट्रो द्वारा कराई जा रही नाला सफाई का भी औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर काम बंद मिला। अधिकारियों ने कर्मचारियों के लंच पर होने की जानकारी दी। नगर आयुक्त ने मेट्रो के कार्य की लगातार निगरानी के लिए एक अभियंता तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मेट्रो द्वारा नाला सफाई पूरी होते ही नगर निगम अपना सफाई अभियान शुरू करे। इसके लिए कार्ययोजना पहले से तैयार रखने को कहा गया।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js