चलती ट्रेन से गिरकर झाड़ियों में तड़पते रहे 82 वर्षीय बुजुर्ग, RPF ने ट्रैक पर चलाया सर्च ऑपरेशन और बचाई जान
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। छपरा से सूरत जा रही स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहे 82 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। हादसे के बाद वे कानपुर-चंदारी के बीच रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में घायल हालत में पड़े रहे। सूचना मिलते ही RPF कानपुर सेंट्रल ने तत्परता दिखाते हुए रेलवे ट्रैक पर सघन सर्च अभियान चलाया और वृद्ध यात्री को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना 10 सितंबर 2026 की है। RPF को हेल्पलाइन-139 के माध्यम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 09066 छपरा-सूरत स्पेशल के S-8 कोच से एक वृद्ध यात्री कानपुर-चंदारी के मध्य चलती ट्रेन से गिर गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कानपुर सेंट्रल RPF निरीक्षक ने तत्काल ASI बलबीर सिंह को पुलिसकर्मियों के साथ मौके के लिए रवाना किया।
RPF टीम ने चंदारी स्टेशन, संबंधित गेटमैन और आसपास के रेल क्षेत्र में जानकारी जुटाने के बाद ट्रैक के किनारे सघन तलाशी शुरू की। काफी खोजबीन के बाद मेमो शेड और NCC के बीच डाउन लाइन पर किलोमीटर संख्या 1017/14 के पास झाड़ियों में वृद्ध यात्री घायल अवस्था में मिले। उनके सिर में चोट लगी थी।
RPF जवानों ने तत्काल उन्हें झाड़ियों से बाहर निकालकर सुरक्षित किया और रेलवे अस्पताल, लोको, कानपुर पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उन्हें RPF पोस्ट कानपुर सेंट्रल लाया गया और परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई।
पूछताछ में घायल यात्री की पहचान लल्लन प्रसाद (82), पुत्र स्व. रघुनाथ प्रसाद, निवासी मनियर, जिला बलिया के रूप में हुई। वह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और परिवार के साथ बलिया से उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए यात्रा कर रहे थे। बताया गया कि ट्रेन में बाथरूम जाने के दौरान अचानक झटका लगने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। घटना की जानकारी तत्काल सहयात्रियों या परिजनों को नहीं हो सकी।
उपचार के बाद उनके पुत्र अरविंद कुमार RPF पोस्ट कानपुर सेंट्रल पहुंचे। यहां लल्लन प्रसाद को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना में RPF की त्वरित कार्रवाई खास तौर पर महत्वपूर्ण रही। सूचना मिलने के बाद ट्रैक किनारे झाड़ियों में घायल वृद्ध की तलाश कर उन्हें समय रहते खोज निकालना और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और मानवीय संवेदना को दर्शाता है। परिजनों ने RPF कानपुर सेंट्रल की कार्रवाई के लिए आभार जताया।


Post a Comment