सड़कों पर लगेंगे साइन बोर्ड, दर्ज होंगे अफसरों के मोबाइल नंबर, 15 दिन में भरेंगे गड्ढे
नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की सड़कों की होगी पहचान, छह जोन में चलेगा विशेष अभियान; महापौर ने दी चेतावनी, लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
(Today crime news)
कानपुर। शहर की बदहाल सड़कों पर अब विभागीय जिम्मेदारी से बचने का बहाना नहीं चलेगा। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर साइन बोर्ड लगाकर संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों के मोबाइल नंबर दर्ज किए जाएंगे। बारिश के बाद गड्ढों और उखड़ी बजरी से जूझ रहे शहरवासियों को राहत देने के लिए महापौर प्रमिला पांडेय ने 15 दिन में सड़कों की बदहाली दूर करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने साफ किया कि जिस सड़क पर समस्या मिलेगी, वहां संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी।
रविवार को मोतीझील स्थित नगर निगम गेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान महापौर ने शहर की खस्ताहाल सड़कों पर नाराजगी जताई। उन्होंने मीडिया कर्मियों से विभिन्न क्षेत्रों की समस्याएं जानीं और कहा कि नगर निगम के सभी छह जोनों और पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आने वाली सड़कों को चिह्नित कर मरम्मत कराई जाएगी। सड़कों पर गड्ढे भरने, उखड़ी बजरी हटाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सड़क किसकी, जिम्मेदार कौन? बोर्ड पर होगा नाम
सड़कों की बदहाली पर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के बीच जिम्मेदारी को लेकर होने वाली खींचतान खत्म करने के लिए महापौर ने साइन बोर्ड लगाने की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखकर सड़कों पर विभाग का नाम और संबंधित अधिकारी का मोबाइल नंबर दर्ज कराने को कहा जाएगा। इससे लोगों को सड़क के स्वामित्व और शिकायत के लिए जिम्मेदार अधिकारी की जानकारी मिल सकेगी।
15 दिन में गड्ढे भरने का अल्टीमेटम
महापौर ने कहा कि 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर सड़कों की मरम्मत और सफाई कराई जाएगी। इसमें सफाई कर्मचारियों और संबंधित विभागों को लगाया जाएगा। जिस जोन या पीडब्ल्यूडी क्षेत्र में सड़क की समस्या मिलेगी, वहां संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी।
👇🏻👇🏻
सड़क किस विभाग की, अब बोर्ड बताएगा
नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की सड़कों को किया जाएगा चिह्नित।
सड़कों पर लगेंगे साइन बोर्ड, दर्ज होंगे संबंधित विभाग का नाम और अधिकारी के मोबाइल नंबर। शिकायत के लिए लोगों को नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर। पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखकर बोर्ड लगवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
👇🏻👇🏻
15 दिन में गड्ढे भरने का अल्टीमेटम
नगर निगम के सभी छह जोनों में चलेगा विशेष अभियान।
सड़कों के गड्ढे भरने, उखड़ी बजरी हटाने और सफाई पर रहेगा जोर। संबंधित विभागों और सफाई कर्मचारियों को अभियान में लगाया जाएगा। सड़क की बदहाली पर संबंधित जोन या पीडब्ल्यूडी के अधिकारी की तय होगी जवाबदेही।


Post a Comment