30 लाख का सोना बरामद, तस्कर और रिसीवर गिरफ्तार
गोविंदपुरी स्टेशन पर 185 ग्राम सोने के साथ दो आरोपी दबोचे गए, DRI लखनऊ को सौंपा गया मामला
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। रेलवे स्टेशनों को तस्करी का रास्ता बनाकर सरकारी राजस्व को चूना लगाने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रयागराज मंडल के RPF अधिकारियों की निगरानी में गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान 185 ग्राम सोना बरामद कर एक कथित तस्कर और उसके रिसीवर को गिरफ्तार किया गया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान गाड़ी संख्या 12987 के कोच S-2 की बर्थ संख्या 68 पर जांच के दौरान एक संदिग्ध यात्री को पकड़ा गया। तलाशी और पूछताछ के बाद उसके पास से दो प्लास्टिक की थैलियों में रखा सोना बरामद हुआ। बरामद सोने का वजन क्रमश 111.2 ग्राम और 73.8 ग्राम, यानी कुल 185 ग्राम पाया गया।
RPF के अनुसार, पूछताछ के दौरान सामने आया कि बरामद सोना कानपुर में एक व्यक्ति को सौंपा जाना था। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए कथित रिसीवर को भी मौके पर दबोच लिया। बरामदगी के बाद स्थानीय सर्राफ सम्मी भल्ला की मौजूदगी में सोने की तौल कराई गई।
तस्करी के खेल पर RPF का वार
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर कर चोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के इरादे से सोने की अवैध आवाजाही कर रहे थे। हालांकि, मामले की पूरी तस्वीर DRI की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए RPF ने तत्काल राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI), लखनऊ को सूचना दी। सूचना मिलते ही DRI लखनऊ के अधिकारी ISO अवनींद्र कुमार और IO अंकित गुप्ता जीएमसी कानपुर पोस्ट पहुंचे।
दो आरोपी गिरफ्तार
RPF के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय राम (करीब 58 वर्ष), पुत्र केदार राम, निवासी कोच बहादुर, थाना कोच, जिला गया, बिहार के रूप में हुई है, जिसे कथित तस्कर बताया गया है।
दूसरे आरोपी की पहचान दीपक (करीब 45 वर्ष), पुत्र राजेंद्र, निवासी संजीव नगर, अहिरवां, थाना चकेरी, कानपुर नगर के रूप में हुई है, जिसे कथित रिसीवर बताया गया है।
RPF से DRI के हाथ पहुंचा मामला
RPF टीम ने दोनों आरोपियों को बरामद सोने, जामा तलाशी और संबंधित दस्तावेजों सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए DRI लखनऊ के अधिकारियों को विधिवत सुपुर्द कर दिया। अब DRI यह जांच करेगी कि सोना कहां से आया, किसके लिए लाया जा रहा था और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। इस कार्रवाई में RPF जीएमसी कानपुर पोस्ट, RPF कानपुर सेंट्रल पोस्ट और डिटेक्टिव विंग की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। अधिकारियों के निर्देशन और टीम की सतर्कता से रेलवे के रास्ते हो रही कथित सोना तस्करी की कोशिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।


Post a Comment