सेंट्रल स्टेशन पर 13.65 किलो गांजा पकड़ा, तस्कर गिरफ्तार
ट्रॉली बैग में छिपाकर लाई गई थी 15 लाख रुपये की खेप, RPF-जीआरपी की संयुक्त टीम ने दबोचा
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन को मादक पदार्थों की तस्करी का ठिकाना बनाने की कोशिश को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने नाकाम कर दिया। ऑपरेशन नारकोस के तहत बुधवार को स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को ट्रॉली बैग के साथ पकड़ा गया। तलाशी लेने पर बैग से टेप में लिपटे 13 पैकेट मिले। इनमें 13 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख बताई गई है। प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ कानपुर सेंट्रल एसएन पाटीदार और जीआरपी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल और जीआरपी/सीएनबी की संयुक्त टीम बुधवार को स्टेशन परिसर में संदिग्ध यात्रियों और सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान कैंट साइड गेट संख्या एक और दो के बीच शौचालय के पास ट्रॉली बैग लेकर खड़े व्यक्ति पर टीम को शक हुआ। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और ट्रॉली बैग की नियमानुसार तलाशी ली। बैग के अंदर टेप से लिपटे 13 गोलाकार पैकेट मिले। जांच करने पर सभी पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर कुल मात्रा 13 किलो 650 ग्राम निकली। पूछताछ में आरोपित की पहचान विनय कुमार शर्मा (36) पुत्र ध्रुव शंकर शर्मा, निवासी ग्राम रामा छपरा, थाना दुरौंधा, जिला सिवान, बिहार के रूप में हुई। आरपीएफ और जीआरपी ने गांजा कब्जे में लेकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई से स्टेशन के रास्ते मादक पदार्थों की खेप खपाने की कोशिश कर रहे तस्करों को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।


Post a Comment