केस्को के शटडाउन में उलझा सीएम ग्रिड का काम, नगर आयुक्त ने दीपावली से पहले ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के दिए निर्देश
ग्रीन पार्क चौराहे पर बिजली विभाग की बाधा से फुटपाथ निर्माण प्रभावित, दो दिन का शटडाउन मिलते ही पूरी होगी केबल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क और फुटपाथ निर्माण कार्यों की रफ्तार बिजली विभाग के शटडाउन में उलझ गई है। ग्रीन पार्क चौराहे पर केस्को की ओर से आवश्यक शटडाउन नहीं मिलने के कारण फुटपाथ निर्माण का काम प्रभावित हो रहा है। सोमवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने ग्रीन पार्क से घंटाघर तक चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता आलोक श्रीवास्तव और कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर आयुक्त को बताया कि ग्रीन पार्क चौराहे पर ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और संबंधित विद्युत केबलों को स्थानांतरित करने के लिए शटडाउन जरूरी है। इसके अभाव में फुटपाथ निर्माण की गति प्रभावित हो रही है। यदि सुबह 10 से शाम चार बजे तक लगातार दो दिन का शटडाउन मिल जाए तो ट्रांसफार्मर और केबल शिफ्टिंग का काम पूरा किया जा सकता है।
इस पर नगर आयुक्त ने केस्को के तकनीकी अभियंताओं से तत्काल समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली विभाग की बाधा के कारण सीएम ग्रिड योजना के कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। दीपावली से पहले विद्युत शिफ्टिंग का काम हर हाल में पूरा कराया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि यदि शिफ्टिंग के दौरान कोई तकनीकी अड़चन आती है तो तत्काल उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि केस्को के प्रबंध निदेशक से वार्ता कर समस्या का समाधान कराया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर और केबल शिफ्टिंग पूरी होते ही स्लिप रोड और फुटपाथ निर्माण का काम तेजी से पूरा कराया जाए।



Post a Comment