वीरांगना उदा देवी पासी के बलिदान को किया नमन, सपा ने मनाई 169वीं पुण्यतिथि
सिकंदर बाग की लड़ाई में 36 अंग्रेज सैनिकों को मार गिराने के साहस को किया याद, पीडीए और आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना उदा देवी पासी की 169वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर की ओर से नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वीरांगना के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके अदम्य साहस, संघर्ष और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता सपा महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू ने किया। इस अवसर पर हाजी फजल महमूद ने कहा कि वीरांगना उदा देवी पासी ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अद्वितीय वीरता का परिचय दिया था। उन्होंने वंचित समाज की महिलाओं को संगठित कर आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 16 नवंबर 1857 को लखनऊ के सिकंदर बाग में हुए संघर्ष के दौरान उन्होंने अदम्य साहस दिखाते हुए 36 अंग्रेज सैनिकों को मार गिराया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि उदा देवी पासी का संघर्ष और बलिदान आज भी सामाजिक समानता, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ने वालों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन इस बात का प्रतीक है कि देश की आजादी के आंदोलन में वंचित समाज की महिलाओं ने भी ऐतिहासिक योगदान दिया था।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सपा महानगर अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पीडीए समाज के अधिकारों और आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर मतदाताओं के वोट काटने की साजिश किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मताधिकार की रक्षा के लिए सजग हैं और किसी भी स्तर पर ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देंगे।
कार्यक्रम में शैलेंद्र यादव मिंटू, केके शुक्ला, सत्यनारायण गहरवार, परमवीर गंभीर, महेंद्र सिंह, रजत मिश्रा, दीपा यादव, कीर्ति अग्निहोत्री, सुलेखा यादव, दीपक खोटे और शादाब आलम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Post a Comment