वाल्मीकि समाज से उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग, सत्ता में सम्मानजनक भागीदारी का उठा मुद्दा

वाल्मीकि समाज से उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग, सत्ता में सम्मानजनक भागीदारी का उठा मुद्दा

राष्ट्रीय वाल्मीकि महासम्मेलन में राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सफाई कर्मचारी आयोग के गठन, भर्ती और बढ़े वेतनमान का लाभ देने की उठी आवाज


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। उत्तर प्रदेश में वाल्मीकि समाज से उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग के साथ सफाई कर्मचारी आयोग के शीघ्र गठन और सरकारी आयोगों व निगमों में सम्मानजनक भागीदारी का मुद्दा रविवार को राष्ट्रीय वाल्मीकि महासम्मेलन में प्रमुखता से उठा। बाबूपुरवा स्थित वीर अब्दुल हमीद पार्क में आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह में वक्ताओं ने समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी, रोजगार और कर्मचारियों से जुड़े लंबित मुद्दों को उठाते हुए सरकार से ठोस पहल की मांग की। वंचित समाज लोक कल्याण महासमिति की ओर से आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हरदीप सिंह गिल मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासमिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविशंकर हवेलकर ने की।

आबादी के अनुपात में मिले राजनीतिक प्रतिनिधित्व

रविशंकर हवेलकर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वाल्मीकि समाज के योगदान और उसकी आबादी को ध्यान में रखते हुए इस बार समाज से उपमुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक सम्मान के साथ राजनीतिक और प्रशासनिक भागीदारी भी जरूरी है। महासम्मेलन में सफाई कर्मचारी आयोग का शीघ्र गठन करने, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट पर कार्रवाई करने तथा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम और अनुसूचित जाति निर्माण निगम से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग भी उठाई गई। हवेलकर ने ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था में कार्यरत कर्मचारियों को बढ़े हुए वेतनमान का लाभ तत्काल देने, रिक्त पदों पर भर्ती करने तथा आयोगों और निगमों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य के पदों पर समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी।


मांगें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा

केंद्रीय राज्य मंत्री हरदीप सिंह गिल ने कहा कि वाल्मीकि समाज की भावनाओं और मांगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने समाज की मूलभूत सुविधाओं और सामाजिक आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर पहल का भरोसा दिलाया।

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि वंचित और पिछड़े समाज के कल्याण के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि और डॉ. भीमराव आंबेडकर के आदर्शों पर चलकर सामाजिक समरसता और समानता को मजबूत करने का आह्वान किया।

सरकार के प्रयासों के लिए जताया आभार

सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति वाल्मीकि समाज के सम्मान और कल्याण से जुड़े प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं के साथ लंबित मांगों पर भी प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन अमरनाथ सुदर्शन ने किया। इस दौरान अनूप अवस्थी, मोहित सोनकर, जय नारायण कुरील, राकेश सिद्धार्थ और योगेंद्र प्रताप सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के अंत में सामाजिक समरसता भोज एवं प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js