चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला की RPF ने बचाई जान, प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित जन्मा पुत्र
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ की सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर एक गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की सुरक्षित जान बच गई। ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत आरपीएफ, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की तत्परता से प्लेटफॉर्म पर ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया।
घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब गाड़ी संख्या 12488 से यात्रा कर रही गर्भवती महिला को कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म संख्या-6 स्थित सुरंग के पास अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह ने तत्काल इसकी सूचना आरपीएफ को दी। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सुनीता बिना समय गंवाए मधुराज क्लीनिक की नर्स कौशिकी और चिकित्सा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। महिला की गरिमा और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखते हुए तत्काल कपड़ों की ओट बनाकर सुरक्षित वातावरण तैयार किया गया।
कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। मौके पर मौजूद चिकित्सक डॉ. विवेक और मधुराज क्लीनिक के महिला स्टाफ ने नवजात और प्रसूता की प्राथमिक चिकित्सकीय देखभाल की। प्रसव के बाद नवजात शिशु को सुरक्षित मधुराज क्लीनिक पहुंचाया गया, जबकि प्रसूता को बैटरी रिक्शा से क्लीनिक लाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। जांच में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ पाए गए।
इसके बाद बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने दोनों को उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें सुरक्षित भेजा गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम चंदा खातून, निवासी सहरसा (बिहार) बताया। वह आनंद विहार टर्मिनल (ANVT) से कटिहार की ओर जा रही ट्रेन में यात्रा कर रही थीं। उनके साथ मौजूद ससुर मो. पिंटू ने आरपीएफ और चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद ने मां और बच्चे दोनों की जान सुरक्षित बचा ली।



Post a Comment