छठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा घाटों से नहरों तक गूंजे छठी मइया के जयकारे

छठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा घाटों से नहरों तक गूंजे छठी मइया के जयकारे

डूबते सूर्य को व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य, 36 घंटे के निर्जला व्रत में परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना; सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन


(Today crime news)

उत्तर प्रदेश कानपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार को पूरा शहर भक्तिमय नजर आया। गंगा के घाटों से लेकर नहरों और तालाबों तक आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए हजारों व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पूजा की टोकरी, फल, नारियल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे। छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से सूर्यदेव की उपासना की और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाल जीवन की कामना की। अर्मापुर नहर, पनकी नहर, सिद्धनाथ घाट, सरसैया घाट, अटल घाट, मैस्कर घाट और गोलाघाट समेत शहर के प्रमुख छठ घाटों पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते-होते श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से सजी टोकरी लेकर घाटों तक पहुंचीं। कई व्रती महिलाओं ने दंडवत परिक्रमा करते हुए घाट पहुंचकर अपनी अटूट श्रद्धा का परिचय दिया। 

घाटों पर बनाई गई वेदियों पर पूजा-अर्चना के साथ छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। अर्मापुर नहर घाट पर महापौर प्रमिला पांडे ने भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना कर सभी के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं, पनकी नहर घाट को रंगीन झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सिद्धनाथ घाट पर श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां परिवारों ने पर्व की यादों को तस्वीरों में संजोया। सरसैया घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं गंगा के जल में उतरकर सूर्यदेव को अर्घ्य देने की तैयारी करती नजर आईं। इसके अलावा सीटीआई, साकेत नगर, आवास विकास, नौरैयाखेड़ा, रतनपुर, दबौली और रविदासपुरम समेत शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।

खरना के बाद शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत

चार दिवसीय महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की पूजा के बाद व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू किया था। रविवार को तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने छठी मइया और सूर्यदेव से मनोकामनाएं मांगीं। मान्यता है कि सूर्योपासना से आरोग्य, सुख-समृद्धि और जीवन में सकारात्मकता आती है।

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर आज होगा व्रत का पारण

छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले महापर्व का विधिवत समापन होगा। व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संतान की लंबी आयु, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगी। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा।

0/Post a Comment/Comments

https://qx-cdn.sgp1.digitaloceanspaces.com/widget/todaycrimenews/widget.js