कानपुर सेंट्रल पर जीआरपी का बड़ा ऑपरेशन, 12 लाख का गांजा बरामद, झारखंड का तस्कर गिरफ्तार
(Today crime news)
उत्तर प्रदेश कानपुर। सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। स्टेशन परिसर में हुई इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया। जीआरपी कानपुर सेंट्रल और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया व आरपीएफ पोस्ट के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके ट्रॉली बैग और पीठ बैग से 10 किलो 190 ग्राम ताजा गांजा बरामद हुआ।
उड़ीसा से लाकर लखनऊ पहुंचाने की थी तैयारी
पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान रवि कुमार पुत्र बंशी यादव निवासी हजारीबाग, झारखंड के रूप में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर लखनऊ जाने की फिराक में था और ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Post a Comment